जमशेदपुर: शहर के साकची स्थित MGM मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जिला प्रशासन ने हॉस्टल के कमरों पर अवैध कब्जे को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने हॉस्टल नंबर-1 और हॉस्टल नंबर-2 के कमरों में ताला लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों हॉस्टलों के कुल 92 कमरों पर गैर-शैक्षणिक जूनियर रेजिडेंट और अन्य लोगों का अनधिकृत कब्जा था। इसके कारण मेडिकल कॉलेज के इंटर्न छात्रों को रहने के लिए कमरे नहीं मिल पा रहे थे।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से कमरों को खाली कराने के लिए पहले तीन बार नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद संबंधित लोगों ने कमरे खाली नहीं किए।
इसके बाद शनिवार, 31 अक्टूबर को प्रशासन ने साकची थाना पुलिस और मजिस्ट्रेट की निगरानी में कार्रवाई शुरू की। हॉस्टल परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों को भी तैनात किया गया था।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कमरों को खाली कराने के बाद जरूरतमंद इंटर्न छात्रों को आवास उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा।
इस कार्रवाई के बाद MGM अस्पताल परिसर में हलचल देखने को मिली।

