जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाने की आशंका जताई है। लोगों को व्हाट्सएप, ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसे फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है।
इन मैसेज के साथ संदिग्ध लिंक भी भेजे जा रहे हैं। लिंक पर क्लिक करने के बाद लोगों की निजी जानकारी, बैंक डिटेल और ओटीपी चोरी होने का खतरा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने मतदाताओं को सतर्क रहने की अपील की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया है कि जिला निर्वाचन शाखा या मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इस तरह का कोई मैसेज नहीं भेजा जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी किसी के साथ साझा करें।
मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in का ही इस्तेमाल करें।
प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की है कि ऐसे फर्जी मैसेज को आगे फॉरवर्ड न करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करें।

