रांची: झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लोअर बाजार थाना क्षेत्र में चाकू का डर दिखाकर एक 18 वर्षीय युवक से मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और 12 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अमित कुमार ने 22 अक्टूबर को लोअर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अहमद तलहा उर्फ चरका और साहिर खान उर्फ बाबू चरका को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक आईफोन, एक रेडमी मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, एक आरोपी अहमद तलहा के खिलाफ वर्ष 2016 में भी कोतवाली थाने में मामला दर्ज हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

