झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जिले में एक ही रात दो अलग-अलग हत्याओं की घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पहली घटना मांडर की है, जहां जमीन विवाद में एक दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी घटना पिठोरिया की है, जहां होटल से घर लौट रहे एक कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
मांडर थाना क्षेत्र के टिक्को गांव में गुरुवार रात 55 वर्षीय रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि रामू उरांव डेयरी सेंटर में दूध पहुंचाने गए थे। इसी दौरान उन पर गोली चला दी गई।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुराना जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं दूसरी घटना पिठोरिया थाना क्षेत्र के करकटा मोड़ की है। यहां 30 वर्षीय बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
राहुल होटल में काम करते थे। गुरुवार रात काम खत्म करने के बाद वह स्कूटी से अपने ससुराल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर हमला किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस जांच जारी है। मांडर हत्याकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि पिठोरिया हत्याकांड में पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

