चाईबासा (झारखंड): पश्चिमी सिंहभूम जिले के घाटकुड़ी रक्षित वन क्षेत्र में पिछले 15 महीनों से बंद पड़ी टाटा स्टील की विजया-टू आयरन ओर खदान को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। खदान के संचालन के लिए कंपनी पहली बार माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (MDO) मॉडल लागू करने जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खदान संचालन के लिए आमंत्रित टेंडर में देश की चार से पांच कंपनियों ने रुचि दिखाई है। दीपावली के बाद एमडीओ का अंतिम चयन किए जाने की संभावना है। इसके बाद खनन कार्य शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत खदान से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य एक ही एजेंसी को सौंपे जाएंगे। इसमें खनन, परिवहन, क्रशिंग, स्क्रीनिंग, पानी का छिड़काव, सड़क रखरखाव और रेलवे रैक में लौह अयस्क की लोडिंग जैसे कार्य शामिल होंगे। इससे खदान के संचालन और प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
खदान को दोबारा शुरू करने के लिए 31 अगस्त 2026 को पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन और टाटा स्टील लिमिटेड के बीच औपचारिक समझौता हुआ था। इस समझौते पर उपायुक्त मनीष कुमार और टाटा स्टील के अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए थे।
विजया-टू खदान घाटकुड़ी रक्षित वन क्षेत्र में 383.20 एकड़ जमीन पर फैली हुई है। खदान के दोबारा शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट, लोडिंग, वाहन मरम्मत और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को भी फायदा मिल सकता है।

