पटमदा (जमशेदपुर): पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लायलम गांव के बनगोड़ा टोला में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से किसान राकेश हेम्ब्रम के एक बैल की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर जेएलकेएम नेता देवव्रत महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग के कनीय अभियंता से फोन पर बात कर घटनास्थल का जायजा लेने और क्षतिग्रस्त बिजली तार को तत्काल ठीक कराने की मांग की।
देवव्रत महतो ने पीड़ित किसान को हुए आर्थिक नुकसान के बदले उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई। इसके अलावा मृत बैल का पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुंदन कुमार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
वहीं, बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त तार को हटाकर दुरुस्त करा दिया।
इस हादसे से किसान राकेश हेम्ब्रम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित किसान ने बिजली विभाग से नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।

