चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तूगोंडा गांव में बुधवार सुबह एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाल्मी सिंकु के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पति मांगील सिंकु को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब चार बजे महिला की हत्या किए जाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना का पता तब चला जब गांव के निवासी सुब्बल सिंकु को फोन आया और उनसे शाल्मी सिंकु से बात करने को कहा गया। वह महिला के घर पहुंचे, लेकिन आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोलने पर घर के अंदर महिला का शव मिला।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मुंडा ने जगन्नाथपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान मृतका के पति को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

