जमशेदपुर, 28 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोल्हान क्षेत्र में चक्रवात का असर दिखाई देने लगा है। जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार शाम से मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छाने के बाद कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। खराब मौसम का प्रभाव 30 अक्टूबर तक बने रहने का अनुमान है।
संभावित जलजमाव और अन्य आपात स्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने और पेड़ों की डालियां टूटने जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

