बिहार से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। राज्य की विधान परिषद की 8 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी।
इन चुनावों में 5 लाख 32 हजार 847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। कुल 150 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जबकि मतदान के लिए 933 केंद्र बनाए गए हैं।
चुनाव चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों—पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी—और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों—पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण—में हो रहा है।
इस बार पटना स्नातक सीट पर मुकाबला खास चर्चा में है। जेडीयू के नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को मोकामा के विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिला है। इस वजह से चुनावी मुकाबले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
शुरुआती दो घंटों में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.88 प्रतिशत वोटिंग हुई। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती दौर में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाने हैं।

