जमशेदपुर में ड्रग्स के अवैध कारोबार और सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सीनियर एसएसपी से पहले दी गई सूचनाओं पर हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा और एक सप्ताह के भीतर ठोस कदम उठाकर जानकारी देने को कहा है।
गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में ड्रग्स और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी मनोज सिंह ने की।
बैठक में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संगठित अभियान चलाने पर सहमति बनी। सरयू राय ने पुलिस से इन मामलों में लगातार कार्रवाई करने पर जोर दिया। वहीं, एसएसपी ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ड्रग्स और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ जनभागीदारी से अभियान चलाया जाएगा। अभियान का नाम और उसके संचालन के लिए गठित होने वाली समिति के सदस्यों की घोषणा जल्द की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य शहर में नशे और सट्टेबाजी के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना तथा युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।

