भागलपुर, बिहार। बिहार के भागलपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेत की मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय किसान राधे कुमार मंडल की मौत हो गई। परिजनों ने अपने ही रिश्तेदार महेंद्र मंडल पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना पीरपैंती थाना क्षेत्र के अठानिया दियारा की है। बताया जा रहा है कि जमीन के एक छोटे से टुकड़े और खेत की मेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि सोमवार को खेत में काम करने के दौरान विवाद बढ़ गया और राधे कुमार पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। सिर और सीने में गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश किए जाने की खबर है।

