मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद इलाके में जमकर हंगामा हुआ। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक से एक बच्चे को ठोकर लगने की बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान 20 वर्षीय नवनीत कुमार के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल नवनीत की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रविवार सुबह जब युवक का शव गांव पहुंचा, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी। इस घटना में कई घरों के जलने की खबर सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और मामले में गिरफ्तारी की भी खबर है।
फिलहाल, इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

