बोकारो, झारखंड। झारखंड के बोकारो जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चॉकलेट मांगने पर मामा ने कथित तौर पर अपने साढ़े तीन साल के भांजे को खिलौना समझकर पिस्तौल थमा दी। इसी दौरान पिस्तौल से गोली चल गई, जिससे मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब छह बजे बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट में हुई। मृत बच्चे का नाम साहिल राम बताया गया है। बच्चे की मां के अनुसार, सुबह उनका भाई राजेश दास घर आया था। इसी दौरान बच्चे ने उससे चॉकलेट मांगी। आरोप है कि मामा ने उसे खिलौना बताकर पिस्तौल दे दी।
पिस्तौल से खेलते समय अचानक गोली चल गई और बच्चे को गंभीर चोट लगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजेश दास (21) घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह घटना एक बार फिर बच्चों की पहुंच से हथियारों को दूर रखने और उनकी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की गंभीर जरूरत को उजागर करती है।

