झारखंड के लगभग 45 हजार पारा शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड हाईकोर्ट ने शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांग रहे पारा शिक्षकों को फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया है। यह मामला JTET पास करने की अनिवार्यता से जुड़ा है।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 में शामिल होने के लिए कुछ पारा शिक्षकों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि उन्हें भर्ती परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाए। उन्होंने दलील दी कि वे निर्धारित तीन साल की अवधि के भीतर JTET पास कर लेंगे।
जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने ऋषिकांत तिवारी समेत 26 याचिकाकर्ताओं को फिलहाल अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने उन्हें शिक्षा विभाग के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए अभ्यावेदन देने की छूट दी है।
इस फैसले से उन पारा शिक्षकों को फिलहाल झटका लगा है, जो शिक्षक पात्रता परीक्षा पास किए बिना भर्ती परीक्षा में शामिल होना चाहते थे। भर्ती विज्ञापन के अनुसार, संबंधित पदों के लिए निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करना जरूरी है।

