धनबाद, 14 अक्टूबर। झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार देर रात हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। राम प्रताप प्रसाद हत्याकांड के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे ने कथित तौर पर एक ASI की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शंकर डे को मंगलवार देर शाम मैथन इलाके से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान राम प्रताप प्रसाद की हत्या से जुड़े कई अहम खुलासे होने का दावा किया गया। इसके बाद पुलिस आरोपी को हथियार बरामद करने और घटनास्थल की पहचान कराने के लिए टुंडी प्रखंड के मनियाडीह क्षेत्र में ले गई।
पुलिस का कहना है कि मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने एक ASI की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या में शामिल होने की बात कही है। प्रारंभिक जांच में लूट की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने एक अन्य लूट और हत्या के मामले में भी अपनी संलिप्तता बताई है।
पुलिस अब आरोपी के बयानों, बरामद हथियारों और दोनों मामलों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

