आरा, बिहार: बिहार के भोजपुर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने कथित तौर पर बंधक बनाकर रखी गईं 12 लड़कियों को मुक्त कराया है। इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के धोबहां थाना क्षेत्र में एक बगीचे के अंदर बने टिन से घिरे मकान में लड़कियों को रखे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और मौके से 12 लड़कियों को मुक्त कराया।
पुलिस के मुताबिक, मुक्त कराई गई लड़कियों में नौ नाबालिग और तीन बालिग हैं। आरोप है कि उन्हें रोजगार दिलाने का झांसा देकर वहां बुलाया गया था। इसके बाद उन पर जबरन आर्केस्ट्रा में नर्तकी का काम करने का दबाव बनाया जा रहा था।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार पासवान और उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की जुली कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई के बाद रोजगार का झांसा देकर लड़कियों के कथित शोषण का मामला सामने आया है।

