चांडिल, 11 अक्टूबर। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल मुख्य बाजार में शुक्रवार देर रात डकैती की बड़ी वारदात सामने आई। लक्ष्मीनारायण ज्वेलर्स के संचालक सुरेश चौधरी के घर में घुसे आठ नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाश घर से 80 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और करीब चार से पांच लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सात से आठ नकाबपोश बदमाश देसी कट्टों और चाकू से लैस होकर कारोबारी के घर में घुस गए। बदमाशों ने दरवाजा तोड़कर घर में सो रहे परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने या शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी गई।
कारोबारी के बेटे उमंग चौधरी के अनुसार, बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और सिर पर कट्टा रखकर चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद सभी बदमाशों ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली।
बदमाशों ने करीब डेढ़ घंटे तक घर का कोना-कोना खंगाला। उन्होंने आभूषण और नकदी एक बैग में भरे और रात करीब ढाई बजे फरार हो गए। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की कीमत 80 लाख रुपये से अधिक है, जबकि नकदी करीब चार से पांच लाख रुपये बताई गई है।
हैरानी की बात यह है कि वारदात चांडिल थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शनिवार शाम पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास के निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है। फिलहाल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।
चांडिल मुख्य बाजार में पहले भी चोरी और गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। ताजा डकैती के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की जरूरत पर जोर दिया है।

