जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमशेदपुर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मोहन यादव और उसके एक साथी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। शूटर अजीत मंडल और उसके दो साथियों के सिदगोड़ा इलाके में होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी, लेकिन वे मौके से फरार हो गए।
इससे पहले पुलिस इस मामले में चार कथित साजिशकर्ताओं को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस पूछताछ के जरिए फायरिंग की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है

