लोहरदगा: हरमू रोड स्थित सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा की दुकान पर शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। यह घटना कथित तौर पर लेवी की धमकी मिलने के बाद हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना से करीब दो दिन पहले कारोबारी को व्हाट्सऐप के जरिए लेवी देने की धमकी मिली थी। धमकी में रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी और प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसके बाद शुक्रवार रात अपराधियों ने उनकी दुकान के शटर पर गोली चलाई। शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे कारोबारी को शटर पर गोली के निशान मिले, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
लोहरदगा पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य सुराग खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

