खूंटी: कर्रा थाना क्षेत्र के तिग्गा नदी पुल के नीचे शनिवार सुबह प्लास्टिक के बोरे में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने संदिग्ध बोरा देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, युवती की उम्र करीब 21 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरे में बंद कर तिग्गा पुल के नीचे फेंका गया होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले की जांच जारी है।

