पटना: बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके में शनिवार सुबह एक रिटायर्ड जनरल मैनेजर की कार में गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 67 वर्षीय आलोक कुमार के रूप में हुई है, जो रांची में रह रहे थे और अपनी बहन से मिलने पटना आए थे।
आलोक कुमार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। कुछ देर बाद उनकी कार फ्रेंड्स कॉलोनी के पास खड़ी मिली, जिसमें वह ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में पाए गए। पुलिस को मौके से एक पिस्टल, खोखा और कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और आसपास के CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस की जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

