जमशेदपुर: जितिया पर्व के मौके पर जमशेदपुर के गांधी घाट पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब नदी में स्नान करने गईं दो सगी बहनें तेज बहाव की चपेट में आ गईं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बहनें अपनी मां के साथ सुवर्णरेखा नदी में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से एक बच्ची को नदी से बाहर निकाल लिया गया और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
वहीं, दूसरी बच्ची तेज बहाव में बह गई और देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। बच्ची की तलाश में तेजी लाने और एनडीआरएफ की टीम व प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाने की मांग को लेकर गांधी घाट पुल पर जाम भी लगाया गया।
शाम ढलने और नदी में तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। फिलहाल लापता बच्ची की तलाश जारी है।
जितिया पर्व के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

