रांची, 30 सितंबर: सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस का 7 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान जारी है। अभियान 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तीसरे दिन “मोबाइल नहीं, ड्राइविंग के दौरान” थीम के तहत वाहन चालकों, अभिभावकों और स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया। शहर के करीब 11 प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 1,150 लोगों और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस ने लोगों से कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे चालक का ध्यान भटक सकता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट, दोपहिया वाहन में हेलमेट, ट्रैफिक सिग्नल का पालन और निर्धारित गति से वाहन चलाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान पुरानी विधानसभा, किशोरी यादव चौक, काठीटांड़ चौक, पिस्का मोड़, राजेंद्र चौक, पटेल चौक, कर्बला चौक और बहुबाजार समेत कई जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम हुए।

