जमशेदपुर। वियतनाम में हुए सड़क हादसे में जमशेदपुर के रहने वाले 23 वर्षीय योग प्रशिक्षक विनय यादव की मौत हो गई। विनय पिछले करीब तीन वर्षों से वियतनाम के डालाट शहर में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। वह वहां की आदि योगा अकादमी में योग प्रशिक्षण देते थे।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को तेज बारिश के दौरान काम से लौटते समय विनय का स्कूटर फिसल गया और एक कार से टकरा गया। हादसे में उनके साथ मौजूद रांची के 24 वर्षीय राजा कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विनय को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी भी मौत हो गई।
विनय की मौत की खबर से जमशेदपुर स्थित उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिवार को पहले उनके सुरक्षित होने की उम्मीद थी और उनकी सलामती के लिए पूजा-पाठ भी किया जा रहा था। बाद में उनकी मौत की पुष्टि होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार अब विनय का शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है। परिजनों के मुताबिक, शव को वियतनाम से भारत लाने में 10 लाख रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है। परिवार ने झारखंड प्रशासन और भारतीय अधिकारियों से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
परिजन चाहते हैं कि सरकारी स्तर पर मदद मिल सके, ताकि विनय का अंतिम संस्कार उनके पैतृक स्थान पर किया जा सके।

