जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-13 स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर सोमवार शाम पेट्रोल भराने के बाद एक बजाज पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में आग लगते ही पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि पेट्रोल भराने के बाद बाइक चालक ने जैसे ही सेल्फ स्टार्ट किया, उसी दौरान बैटरी की तरफ से चिंगारी निकली और देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई। पंप कर्मचारियों ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद मानगो पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। जली हुई बाइक को बाद में वहां से हटा दिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हालांकि, आग लगने का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

