नई दिल्ली: देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।
बैठक में बैंक कर्मचारियों की पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर आगे चर्चा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाने पर सहमति बनी है। यह समिति सभी संबंधित पक्षों के विचारों को ध्यान में रखते हुए आगे की संभावनाओं पर चर्चा करेगी।
इसके अलावा स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों की Performance Linked Incentive (PLI) योजना में बदलाव को लेकर भी IBA और UFBU के बीच बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है।
हड़ताल स्थगित होने से 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंक शाखाओं में प्रस्तावित देशव्यापी कामकाज बाधित होने की स्थिति फिलहाल टल गई है। हालांकि, पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत अन्य मुद्दों पर बातचीत आगे जारी रहेगी।

