राजनगर। हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के रोला–खैरबनी के समीप रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े कोयला लदे हाइवा में पीछे से एक यामाहा R15 बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अपने वाहन से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाइवा को लेकर जांच शुरू कर दी है तथा हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

