झारखंड के बोकारो जिले के नया बस्ती मैदान में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना हुई। तीन दिवसीय डे-नाइट ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान कजरा मुर्मू (40) अचानक मैदान पर गिर पड़े। वह हांसदा इलेवन की ओर से खेल रहे थे।
गेंद के लिए प्रयास करते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। साथी खिलाड़ी उन्हें तुरंत DVC अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आयोजकों ने फुटबॉल टूर्नामेंट रद्द कर दिया। आयोजन समिति ने बताया कि अगले वर्ष से प्रतियोगिता कजरा मुर्मू की स्मृति में आयोजित की जाएगी। इस साल की ₹1 लाख की पुरस्कार राशि उनके परिवार को देने की घोषणा भी की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

