जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने के दौरान एक नाव अचानक पलट गई। हादसे में नाव पर सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए, जबकि उनका एक साथी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।
लापता युवकों की पहचान अमित कुमार उर्फ गजनी और अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव से मछली पकड़ने नदी में गए थे। नदी के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात में ही दोनों युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव बाधा बना। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रही है।
प्रशासन की ओर से NDRF/SDRF की मदद लेने की तैयारी भी की जा रही है। वहीं, दोनों युवकों के परिजन और स्थानीय लोग नदी किनारे जुटे हुए हैं और उनके मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

