जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर अचानक हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हमलावरों ने रेस्टोरेंट में बैठे कुछ लोगों को निशाना बनाकर गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए।
घटना में दिलशाद, डोमिनिक सैमसन, रिजवान और कृष्णा चौधरी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

