जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट के पास शुक्रवार देर रात सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बागबेड़ा संजयनगर निवासी 28 वर्षीय कल्लू यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह स्टेशन के आसपास कचरा चुनकर अपना जीवनयापन करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्लू सड़क पार कर रहा था, तभी परसूडीह की ओर से आ रहे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने हाइवा को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

