जमशेदपुर: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के पास खतरे के निशान को पार कर गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए चांडिल डैम के 13 में से 9 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं गंजिया बैराज के सभी 5 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। इससे खरकई और स्वर्णरेखा नदियों के जलस्तर पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
रिपोर्ट के अनुसार बागबेड़ा नया बस्ती, बड़ौदा घाट, कदमा के शास्त्रीनगर और रामनगर, मानगो, जुगसलाई तथा भुइयांडीह के कुछ निचले इलाकों में पानी पहुंचना शुरू हो गया है।
मौसम विभाग ने भी आने वाले समय में भारी बारिश, गरज और वज्रपात की चेतावनी दी है। ऐसे में प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग नदी के जलस्तर तथा डैम से छोड़े जा रहे पानी पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार बारिश जारी रहने की स्थिति में निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है।

