जमशेदपुर, 25 सितंबर 2026: गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी की दुकान में बीती रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर दुकान के वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी लेकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, चोरी गए आभूषणों और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन दुकान संचालक द्वारा स्टॉक मिलान के बाद किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि गोलमुरी में केनरा बैंक में हुई बड़ी लूट के एक दिन बाद ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस दोनों घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

