मुजफ्फरपुर में पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को झांसा देकर अगवा करने, बंधक बनाने और जबरन देह व्यापार में धकेलने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने पटना और मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर दो किशोरियों को मुक्त कराया और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, एक किशोरी को कथित तौर पर बेहतर जिंदगी का झांसा देकर मुजफ्फरपुर लाया गया था। आरोप है कि उसे घर में बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया गया और विरोध करने पर मारपीट व धमकी दी गई। बाद में उसे पटना ले जाया गया, जहां से पुलिस ने उसे बरामद किया।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर के पताही इलाके में भी छापेमारी की, जहां से दूसरी किशोरी को मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में पटना से चार और मुजफ्फरपुर से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी बताई गई है।
पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना समेत फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही दूसरे जिलों में भी इस नेटवर्क के संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है।

