बांकुड़ा: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में तीन कथित नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वालों की गतिविधियां झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी रही हैं।
आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान जाबा महतो उर्फ बुलू/गोरी, नयनतारा साहू उर्फ मीता/झुमा और रामप्रसाद मंडी उर्फ महादेव/सचिन के रूप में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण के दौरान एक AK-47 और दो INSAS राइफल समेत हथियार और कारतूस सौंपे गए। पुलिस का दावा है कि तीनों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बताया गया है कि इनकी गतिविधियों का क्षेत्र पूर्वी सिंहभूम, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम मेदिनीपुर तक फैला हुआ था।
आत्मसमर्पण के बाद तीनों को सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे अभियान और पुनर्वास योजनाओं के बीच यह आत्मसमर्पण सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।

