जमशेदपुर। शहर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत दो युवतियों और दो युवकों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से शवों को बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे सड़क पर खड़ा किया गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ट्रक के पीछे पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं।
हादसे की खबर से झारखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

