जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों ने माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। यह अभियान MGM थाना क्षेत्र के छोटा बांकी और कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में चलाया गया।
पुलिस, CoBRA, कोलकाता STF और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने बुधवार सुबह करीब 5 बजे से शाम 4 बजे तक जंगल और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों को छिपाकर रखे गए हथियार मिले।
पुलिस के अनुसार, कुड़लुंग पहाड़ से एक INSAS राइफल, 85 गोलियां और तीन मैगजीन, जबकि जोभी जंगल से एक AKM राइफल, 147 गोलियां और दो मैगजीन बरामद की गईं। कुल मिलाकर दो राइफल, 232 गोलियां और पांच मैगजीन जब्त की गई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, बरामद हथियारों और गोला-बारूद को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सर्च और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

