जमशेदपुर: शहर में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक और अनोखे पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इस वर्ष कई पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक थीम देखने को मिलेगी।
मानगो गांधी मैदान में केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। वहीं न्यू सिदगोड़ा में बनारस घाट और गंगा आरती की थीम लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी। आरडी भट्टा में भगवान विष्णु के दस अवतार पर आधारित पंडाल बनाया जा रहा है।
डिमना रोड में झारखंड और बंगाल के ग्रामीण जीवन को पंडाल की थीम के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। वहीं टुईलाडुंगरी में प्लास्टिक की बोतल, प्लेट और कप जैसी सामग्री से पंडाल को सजाने की योजना है।
पूजा समितियां पंडाल निर्माण के साथ-साथ सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप देने में जुटी हैं। शहरवासियों को इस बार दुर्गापूजा में अलग-अलग थीम पर आधारित भव्य पंडाल देखने को मिलेंगे।

