जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करीब 23 वर्षीय संजय तांडी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, संजय ने कुछ महीने पहले सोनारी की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। कुछ समय से पत्नी के अलग रहने और उसके फोन व्यस्त मिलने को लेकर संजय परेशान था। परिजनों का दावा है कि उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था।
बताया गया कि इसी मानसिक तनाव के बीच संजय ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों और लगाए जा रहे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

