जमशेदपुर: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। SSP डॉ. एहतशाम वकारिब ने लंबित साइबर अपराध के मामलों की समीक्षा करते हुए जांच अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करने का निर्देश दिया।
SSP ने अधिकारियों से साइबर ठगी के मामलों में डिजिटल साक्ष्यों को जुटाने और पैसों के लेन-देन की पूरी जानकारी खंगालने को कहा। इसके साथ ही बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल वॉलेट और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े अन्य माध्यमों की जांच पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाए।
पुलिस ने आम लोगों से भी साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो वह तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

