जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर लोहारंगी मोड़ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से रामपुर से बिराजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे एक हाईवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बाइक और हाईवा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
फिलहाल दोनों घायलों का इलाज धनबाद में जारी है।

