जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक युवक को केस खत्म कराने का झांसा देने के मामले में पुलिस ने बंटी गुहा (38) और इम्तियाज खान (32) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को पीड़ित बिरेन दास को आरवीएस एकेडमी, डिमना के पास बुलाया गया था। इसके बाद उसे गोलमुरी के एक सुनसान इलाके में ले जाकर डराया-धमकाया गया और कथित तौर पर ₹25,600 नकद, एक बाइक और दो मोबाइल फोन ले लिए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित की बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, बंटी गुहा के खिलाफ जमशेदपुर के अलग-अलग थानों में पहले से 11 मामले दर्ज हैं, जबकि इम्तियाज खान के खिलाफ भी एक पुराना मामला दर्ज है।

