जमशेदपुर, 18 सितंबर: टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार कार्य के दौरान शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन क्षेत्र में मिट्टी धंसने से एक ठेका मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा Waste Water Treatment Plant क्षेत्र में हुआ, जहां टावर क्रेन की नींव से संबंधित कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में संजय शर्मा नामक ठेका मजदूर की मौत हो गई। घायल मजदूर को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही कंपनी के अधिकारी और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतक मजदूर के परिजनों और समर्थकों ने मुआवजे तथा परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कई घंटे की बातचीत के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनने की बात सामने आई।
बताया गया कि मृतक के परिवार को ₹20 लाख का मुआवजा और ₹25 हजार प्रतिमाह पेंशन देने पर सहमति बनी है। पेंशन में हर वर्ष ₹1,000 की वृद्धि और PF तथा बीमा की राशि अलग से दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठे हैं।

