जयनगर (कोडरमा)। जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार की रात एक दर्दनाक घटना में 35 वर्षीय राशन दुकानदार दीपक साव उर्फ कल्लू साव की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दीपक साव गुरुवार की रात अपनी राशन की दुकान बंद कर घर लौटे थे। इसी दौरान पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के बाद दीपक घर के आंगन में स्थित कुएं में जा गिरे।
बताया गया कि दीपक को तैरना आता था। पहले भी कुएं में उतरने की बात सामने आने के कारण परिजनों ने शुरू में इसे गंभीरता से नहीं लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने कुएं में देखा, तो वह पानी में पड़े मिले।
ग्रामीणों की मदद से उन्हें कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल जयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, घटना के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ग्रामीण पत्नी से विवाद के बाद कुएं में कूदने की बात कह रहे हैं, जबकि मृतक के पिता छोटन साव ने पैर फिसलने से कुएं में गिरने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दीपक साव अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

