जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के भुवनेश्वरी मंदिर रोड स्थित एन-111 के पास शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी टाटा विंगर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए, जबकि दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि वैन चिन्मया स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी। अचानक वैन का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को वैन से बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने एक कार के अचानक सामने आने के बाद चालक का संतुलन बिगड़ने की बात कही है, लेकिन हादसे के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

