पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी BSEB ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। जिन छात्रों का परीक्षा फॉर्म अभी तक नहीं भरा गया है, उन्हें अब 30 सितंबर 2026 तक आवेदन करने का मौका मिलेगा।
बिहार बोर्ड की ओर से पहले परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 सितंबर 2026 निर्धारित की गई थी। अब छात्रों को अतिरिक्त समय देते हुए इसे बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है।
छात्रों के परीक्षा फॉर्म संबंधित स्कूल या शिक्षण संस्थान के प्रधान के माध्यम से ऑनलाइन भरे जाएंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने स्कूल से संपर्क करें और यह सुनिश्चित करें कि फॉर्म में उनका नाम, जन्मतिथि, विषय और अन्य जरूरी जानकारी सही दर्ज हो।
बिहार बोर्ड की 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा ऑफलाइन पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। हालांकि, विषयवार विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम यानी डेटशीट अभी जारी नहीं की गई है।
बोर्ड ने छात्रों और स्कूलों से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया पूरी कर लें।

