रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने आज 17 सितंबर को राज्य के 18 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 18 सितंबर को भी पूरे झारखंड में बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। राजधानी रांची के लिए भी 17 से 20 सितंबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
यानी अगले कुछ दिनों तक झारखंड में बारिश के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा।

