जमशेदपुर। बर्मामाइंस क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों और सुनसुनिया गेट के पास सागर गोप की मौत के विरोध में बुधवार को भाजपा बर्मामाइंस मंडल की ओर से आक्रोश मार्च सह मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस ट्यूब गेट गोलचक्कर से शुरू होकर बर्मामाइंस गोलचक्कर तक पहुंचा।
मशाल जुलूस का नेतृत्व भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, राजन सिंह, सागर राय, सूरज सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, कुमार अभिषेक, युवराज सिंह, अमरेन्द्र कुमार, शशि सिंह, राकेश चौधरी, रविजेंट सिंह, लक्ष्मीकांत, पवन नाग, वरुण श्रीवास्तव, सतवीर सिंह सोमू, करपुरा सुंडी, महेश मुखी, सुरेश मुखी और राजेंद्र पात्रो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की। नेताओं ने भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने, वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने तथा सड़कों पर पर्याप्त रोशनी और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की मांग उठाई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात नियमों के पालन में लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
बताया गया कि 15 सितंबर की रात सुनसुनिया गेट के पास ट्रेलर की चपेट में आने से 27 वर्षीय सागर गोप की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इसी के विरोध में मशाल जुलूस निकालकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवाज बुलंद की गई।

