गम्हरिया: टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर उषा मोड़ के पास मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर गणेश पूजा देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कृष्णा पाल (16), मोहित लोहार (16) और मंगल गोप (15) के रूप में बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और रात में यातायात सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

