पोटका: हल्दीपोखर के हृदयनगर इलाके में चोरों ने एक अधिवक्ता के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में 13-14 सितंबर की रात चोर घुसे। चोरों ने घर का ताला तोड़ा और स्टील की अलमारी को निशाना बनाया। वहां से करीब ₹13 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और ₹95 हजार नकद चोरी होने की बात सामने आई है।
परिवार के मुताबिक, रात करीब 3 बजे नींद खुलने पर घर के लोगों को कुछ गड़बड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद अलमारी की जांच की गई तो वह टूटी हुई मिली और उसमें रखे रुपये व जेवर गायब थे।
चोरी हुए सामान में सोने की चेन, कान की बाली, नाक की नथिया, चांदी की पायल और चूड़ियां समेत कई आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं।
परिवार ने आशंका जताई है कि चोरों ने वारदात के दौरान किसी तरह के रासायनिक स्प्रे का इस्तेमाल किया हो सकता है। घटना के बाद घर के कुछ सदस्यों को सांस लेने में परेशानी होने की बात भी सामने आई है। एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर इलाज कराया गया।
वारदात की जांच में पुलिस को CCTV फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में चेहरा ढके हुए पांच संदिग्ध घर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

